
जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति से इस्तीफा दे दिया. सोमवार को अचानक उनके फैसले से हलचल मच गई. कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष इस फैसले को संदेह भरी निगाहों से देख रहा है. कांग्रेस तो यहां तक कह रही कि जगदीप धनखड़ की बैठक में जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू नहीं गए, इससे जगदीप धनखड़ आहत हुए और उन्होंने सोमवार की शाम को इस्तीफा दे दिया. हालांकि, जगदीप धनखड़ ने अपने इस्तीफे में सेहत का हवाला दिया है. उन्होंने कहा कि वह अब अपनी सेहत को प्राथमिकता देना चाहते हैं. अब सवाल है कि क्या सच में जगदीप धनखड़ ने सेहत की वजह से इस्तीफा दिया? या फिर वह जेपी नड्डा के बैठक में न आने से नाराज हैं या फिर जेपी नड्डा ने सदन में जो रिकॉर्ड वाली बात कही, उसका असर है? इन सभी सवालों का अब जवाब मिल गया है. खुद जेपी नड्डा ने जगदीप धनखड़ के इस्तीफे से जुड़े सस्पेंस से पर्दा हटाया है.
न्यूज18 इंडिया से ऑफ कैमरा बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि वह किसी अहम संसदीय कार्य में व्यस्त हो गए थे, जिसके कारण वह जगदीप धनखड़ की बैठक में शामिल नहीं हुए. जेपी नड्डा ने कहा, ‘मैं और किरेन रिजिजू 4:30 बजे उपराष्ट्रपति द्वारा बुलाई गई बैठक में इसलिए शामिल नहीं हो सके, क्योंकि हम अन्य महत्वपूर्ण संसदीय कार्यों में व्यस्त थे. इसकी पूर्व सूचना उपराष्ट्रपति के कार्यालय को दी गई थी.’
